दमदार प्रदर्शन में एकजुट कांग्रेस नेता टकराए पुलिस-प्रशासन से
जबलपुर। अनाप-शनाप बिजली बिल, खेतों को पर्याप्त बिजली न मिलने और कोरोनाकाल में माफ किए गए बिजली बिलों की जबरिया वसूली को लेकर उपभोक्ताओं का दर्द लेकर शक्ति भवन का घेराव करने गए कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं और वाटर केनन का उपयोग कर खदेड़ दिया। एकजुट कांग्रेस नेता, विधायकों सहित हजारों कार्यकर्ता जनता की तकलीफ दूर करने पुलिस व प्रशासन से टकरा गए। रामपुर स्थित शक्ति भवन पहुचने से पहले कांग्रेसियों को रोकने भारी बल प्रयोग किया गया जिसमें विधायक सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, नगर अध्यक्ष जितिन राज सहित नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू कर रहे थे।
पूरे प्रदेश की जनता परेशान, सरकार राहत देने में नाकाम: विक्रांत
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्र ांत भूरिया ने कहा कि जबलपुर , महाकोशल ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की जनता बिजली बिलों से परेशान है और शिवराज सरकार बिजली बिलों की बढ़ोतरी पर लगाम लगाने में नाकाम रही है। जबकि कमलनाथ सरकार ने लोगों को बिजली बिलों में बड़ी राहत दी थी।
जनता न चुकाए अनाप-शनाप बिजली बिल: अन्नू सिंह
नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगतबहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि कांग्रेसजन अधिकारियों से चर्चा करने जा रहे थे, जिन पर दमनात्मक कार्रवाई कर लाठियां बरसाईं गईं। कोरोनाकाल में जनता को राहत देने का नाटक करते हुए बिलों में छूट दी गई, लेकिन अब बिजली कंपनी वही छूट बढ़ाचढ़ाकर जबरिया वसूल कर रही हैं। कांग्रेस जनता के साथ है और बिजली उपभोक्ताओं को अनाप-शनाप बिल नहीं भरना चाहिए। अन्नू ने चेताया कि पुलिस-प्रशासन ज्यादती न करे, क्योंकि कांग्रेस सबका हिसाब करेगी।
जिम्मेदार अधिकारी जवाब देने से बचते हैं: लखन
पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से शहर की जनता लगातार त्रस्त है ,कभी मेंटेनेंस तो कभी अन्य कारणों से बिजली कटौती कर दी जाती है।जब विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाता है तो उनके फोन उठना बंद हो जाते हैं। लखन ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को इसका जवाब देने तैयार है।
छलपूर्वक सरकार गिराने वाले जनता से कर रहे छल: तरुण
पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा कि जनता द्वारा चुनी गई सरकार छलपूर्वक गिराने वाले भाजपा नेता और उनकी सरकार जनता से छल कर रही है। कमलनाथ सरकार में 100 यूनिट पर 100 रुपए बिजली बिल आता था। सीएम शिवराज सिंह ने झूठी घोषणा की कि कोरोनाकाल में जनता के बिजली बिल माफ कर दिए जाएंगे, यहां बिजली कंपनी जबरिया वसूली कर रही है। भनोत ने कहा कि ये प्रदर्शन यहीं तक नहीं है, सरकार ने राहत नहीं दी तो पूरे प्रदेश में आंदोलन होगा।
ग्रामीण जनता की कोई सुनवाई नहीं हो रही: संजय यादव
बरगी विधायक संजय यादव ने कहा कि जिस गांव में जाओ, वहां की जनता बिजली बिलों की परेशानी लेकर आ जाती है, उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस के डंडे से घायल संजय यादव ने कहा कि जनता की मांग लेकर आने पर पुलिस ने निर्ममता से लाठी भांजी, जिसमें उनके साथ कई कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्होने कहा कि बिजली के रेट बढ़ाए तो जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी।
ट्रांसफार्मर दे रहे जवाब, अधिकारी लापरवाह: विनय
विधायक विनय सक्सेना ने जारी बयान में बिजली विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर के अंदर लगातार लोड बढ़ रहा है लेकिन कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, ज्यादा लोड होने की वजह से ट्रांसफार्मर में आग लगने जैसी समस्याएं बढ़ गई है जिससे लोगों की जान माल का खतरा भी बना रहता है।
महंगाई से त्रस्त जनता भाजपा को जवाब देगी: चिंटू चौकसे
केंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष अभिषेक चौकसे चिंटू ने कहा कि मंहगी बिजली, मंहगा सिलेंडर और महंगे डीजल पेट्रोल से त्रस्त जनता भाजपा को जवाब देगी। उन्होने कहा लोगों की आर्थिक स्थिति खराब है और उनसे बढ़चढ़कर आए बिजली बिलों की वसूली की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस के सचिव गौरव भनोत ने पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है। लाठी चार्ज में कांग्रेस नेता रीतेश अग्रवाल, पंकज पांडेय, गुलाम हुसैन, राजेश यादव,अभिषेक यादव अयोध्या तिवारी, संजय राठौड़, रिजवान अली कोटी, डब्बू ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता घायल हुए। प्रदर्शन में सक्षम गुलाटी, रत्नेश अवस्थी,अमरीश मिश्र, संजय अहिरवार, विजय घनघोरिया,प्रमोद पटेल, कपिल भोजक, राजेश यादव, पारस जैन ,सचिन बाजपेई, मुकेश श्रीवास्तव, फारु ख शेख, सोनू कुकरेले ,अमन अरबी, मिथुन शिवहरे, रविंद्र कुशवाहा,भानु यादव, वीरू यादव,मिंटू पांडे ,अंकुर गुप्ता, सलिल चौकसे, ललित सोनी, युवराज चौधरी, शुभम रोहित, सागर शुक्ला,राजा रैकवार, गोल्डी ठाकुर विनय कछवाहा बसंत ठाकुर सोम ठाकुर,अभिनव बाजपेई सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल थे।