कटनी (10 फरवरी)
आप सभी ने मिलिंग के लिए अनुबंध किया है, उस निर्धारित अनुबंध का पालन करते हुए ईमानदारी के साथ अपना काम करें। कार्य में छवि भी महत्वपूर्ण है और यदि नियमानुसार काम नहीं होता है तो नुकसान आपका होगा। यह बात कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने धान मिलिंग और मिलर्स की समस्याओं को लेकर मिलर्स के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कही। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सरकार ने आप सभी मिलर्स के लिए बेहतर पॉलिसी बनाई है और यदि कोई समस्या है तो उसपर चर्चा कर उसका हल निकलवाएं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में यह भी कहा कि आपकी जो भी समस्याएं हैं, उनको लेकर चर्चा करें। हम सारे काम पारदर्शिता से कर रहे हैं और मिलर्स जांच में सहयोग करते हुए सिस्टम को बेहतर बनाने में सहयोग करें। साथ ही मिलिंग का काम प्रारंभ करने की बात कही। मिलर्स ने वर्ष 2021-22 में मिलिंग को लेकर कुछ समस्याएं भी कलेक्टर श्री मिश्रा के सामने रखीं, जिसको लेकर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिले के मिलर्स संघ के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।
