नर्मदा तटों पर सुबह से लगी श्रद्धालुओं की भीड़, चौतरफा नर्मदे हर
जबलपुर। नर्मदा प्राकट्योत्सव की शुरुआत मंगलवार की सुबह 5 बजे नर्मदा तटों पर जयघोष और पूजन के साथ हो गई। दोपहर होने तक ग्वारीघाट, तिलवारा घाट और भेड़ाघाट सहित सभी तटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई थी। वहीं व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा एवं जेएमसी कमिश्नर आशीष वशिष्ठ सुबह-सुबह अधिकारियों के साथ पहुंच गए थे। पुलिस बल एवं व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों को हिदायत दी गई कि श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जाए। वहीं शहर में नर्मदा प्रतिमा स्थापना स्थल से लेकर मंदिरों में भक्तिभाव के माहौल ने ऐतिहासिक नजारा पेश किया। कलेक्टर सहित ग्वारीघाट पहुंचे अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बिना डिस्टर्ब किए, सिर्फ दुकान लगाने वालों और अन्य श्रद्धालुओं को पानी से निर्धारित दूरी रखने और अमले को चाक-चौबंद तथा चुस्त-दुरुस्त रखने दिशा-निर्देश दिए। इसके पहले कलेक्टर ने गोलबाजार पहुंच कर स्मार्ट सिटी में चल रहे कामकाज का जायजा लिया। कलेक्टर ने यहां बन रही सड़क की गुणवत्ता परखते हुए क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी अधिक ध्यान देने हिदायत दी। इसके बाद कलेक्टर गोहलपुर क्षेत्र भी पहुंचे और यहां चल रही साफ-सफाई तथा अन्य कामों का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर के साथ निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ और सीईओ स्मार्ट सिटी निधि सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।