जनप्रतिनिधियों पर लाठी चार्ज पर बोले- कानून अपना काम करेगा
जबलपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, कि संगठन स्तर पर प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता इतिहास बना रहे हैं। उन्होंने कहा, कि आज के तकनीकी युग में यदि प्रदेश भर के बूथों का डिजिटलाइजेशन हो रहा है, तो ये सामान्य नहीं ऐतिहासिक है। एक-एक बूथों का वैरिफिकेशन और डिजिटलाइजेशन होना बड़ी बात है। सूबे के 95 प्रतिशत बूथों पर संगठन मंशानुसार काम हो रहा है। शर्मा नगर प्रवास पर रानीताल स्थित कार्यालय में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा, कि जिस तरह बूथ विस्तार योजना सफल हुई है, ठीक उसी तरह समर्पण निधि अभियान भी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के चलते सफल होगा, ऐसा उन्हें विश्वास है। एयरपोर्ट से आकर वीडी शर्मा कुछ देर संभागीय कार्यालय में रुके और फिर सड़क मार्ग से कटनी रवाना हो गए। रविदास जयंती की सभी को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा, कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संत रविदास जयंती पर रचनात्मक यूथ और प्रबुद्ध जनों के सम्मान का जो निर्णय लिया है, वो प्रशंसनीय है। कांग्रेस के प्रदर्शन में जनप्रतिनिधियों पर लाठी चार्ज करने से संबंधित एक सवाल पर उन्होंने कहा, कि कहीं भी कुछ करने का कोई कुत्सित प्रयास करेगा तो बचेगा नहीं। सूबे में पुलिस है कानून है, अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। हिजाब मामले पर उन्होंने कहा, कि ये देश संविधान और कानून से चला है, और चलता रहेगा।