Type Here to Get Search Results !

पीये-खाए में बोला मंत्री का कथित भतीजा-बुलाओ कौन है टीआई, हम सरकार हैं..

शादी में डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस को धौंस, निकला कांग्रेसी का भतीजा 

ग्वालियर। विवाह समारो में आधी रात के बाद भी हुड़दंग मचाकर डीजे पर डांस कर रहे युवकों को रोकने पहुंची पुलिस से पंचायत मंत्री का कथित भतीजा भिड़ गया और दबंगई से बोला- कि कौन है यहां का टीआई, बुलाओ टीआई को। हम सरकार हैं, मंत्री का भतीजा हूं मैं। भद्दी गालियां बकते हुए और पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया का नाम ले रहे उदय राज सिंह नामक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद एफआईआर दर्ज की गई। 

 पुलिसकर्मियों से बोला- सरकार है हमारी....तुम्हारी ...... 

मामला राजगढ़ जिले की पचोर तहसील का है जहां गुना से दृगपाल सिंह सिसोदिया के बेटे की बारात आई थी। यहां रात 2 बजे तेज आवाज में डीजे पर डांस करते युवकों को रोकने पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस को देख उदय राज सिंह ने कहा कि टीआई को बुलाओ और उसको बता दो कि यहां मंत्री का ओरिजनल भतीजा बैठा है। सरकार है हमारी....तुम्हारी। हम ही शासन प्रशासन हैं। 

 एसपी से मंत्री सिसोदिया बोले- एफआईआर करो 

दिन पुरानी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने राजगढ़ एसपी प्रदीप शर्मा से बात की और बताया कि उदय राज सिंह मेरा भतीजा नहीं है और होता भी तो मैं एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देता। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और जानकारी हासिल की तो पता चला कि उदय राज सिंह कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह का भतीजा है। बाद में उदय राज ने भी वीडियो संदेश भेजकर माफी मांगी और कहा कि उसने पुलिस को धमकाने के लिए मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया का नाम लिया था। वायरल वीडियो के साथ ही कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर उदय सिंह की केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ फोटो भी वायरल की।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.