होशंगाबाद/04,फरवरी,2022/ मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में 7 फरवरी को सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर अन्न उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने जिला आपूर्ति नियंत्रक एवं सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अपने अपने क्षेत्रों में अन्न उत्सव के आयोजन हेतु समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले की समस्त उचित मूल्य दुकानों पर 07 फरवरी को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में अन्न उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अन्तर्गत सम्मिलित पात्र परिवारों को रियायती दर पर नियमित एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क खाद्यान्न सामग्री का वितरण किया जायेगा।
राशन वितरण में होशंगाबाद जिला अग्रणी
जिले में सभी पात्र परिवारों को राशन का सुचारू रूप से वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर होशंगाबाद श्री नीरज कुमार सिंह द्वारा जिले में उचित मूल्य दुकानों से राशन वितरण कार्य की नियमित मार्केटिंग कर कर रहे हैं ,जिसका परिणाम है कि जिला राशन वितरण कार्य में प्रदेश में अग्रणी जिलों में शामिल हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री अनिल तंतुवाय ने बताया कि होशंगाबाद जिला रियायती दर पर नियमित राशन वितरण में दूसरे एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अंतर्गत निशुल्क राशन वितरण में प्रदेश में पहले स्थान पर है।
