कटनी. 03 फरवरी - भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी कटनी की प्रबंध कार्यकारिणी समिति के दस सदस्यों की निर्वाचन प्रक्रिया 6 फरवरी से प्रारंभ हो रही है। रेडक्रास सोसायटी सचिव डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाचन की प्रक्रिया अधिकारी डॉ एलएन खंडेलवाल (शल्य विशेषज्ञ) , डॉ शिखर चन्द्र जैन ( दन्त रोग विशेषज्ञ ) और डॉ वाय . सुब्बाराव (नाक कान, गला विशेषज) द्वारा संपादित कराई जाएगी। नामांकन पत्रों का वितरण डॉ. एलएन खंडेलवाल निर्वाचन अधिकारी के आदर्श कालोनी स्थित कार्यालय में 6 से 10 फरवरी 2022 के बीच सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस हेतु रेडक्रॉस के समस्त वैध मतदाता, निर्वाचन अधिकारियों व मानसेवी सचिव के अतिरिक्त निर्वाचन पत्र भरने के अधिकारी होंगे। नामांकन पत्र भरने के लिए 2100 रूपये का भुगतान कर नामांकन पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं। नामांकन पत्र व मतदाता सूची निर्वाचन अधिकारी के पास उपलब्ध रहेंगे। नामांकन पत्र डॉ. खंडेलवाल के कार्यालय में 10 फरवरी को दोपहर 1 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की पुष्टि 11 फरवरी को अपरान्ह 12 बजे निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में की जाएगी। जिसमें समस्त नामांकन दाखिल करने वाले अभ्यर्थी उपस्थित रह सकते हैं। नाम वापिस करने की अंतिम तिथि 12 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक नियत की गई है। इसके पश्चात अंतिम उम्मीदवार सूची कलेक्टर कार्यालय व सिविल सर्जन कार्यालय जिला चिकित्सालय कटनी में चस्पा की जाएगी। निर्वाचन हेतु मतदान 15 फरवरी को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपन्न होगा। जिसके बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना प्रारंभ कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। स्थान की सूचना सभी अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत व समाचार पत्र के माध्यम से दी जाएगी।
Breaking News
Loading...
