पाटन के कार्यक्रम में फिसली जुबान, बाद में दी सफाई
जबलपुर। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए शिवराज सरकार के मंत्री गोविंद
राजपूत की जुबान फिसल गई। पाटन में साढ़े आठ करोड़ की लागत से बनने वाले तहसील व एसडीएम कार्यालय के भूमिपूजन समारोह में मंत्री राजपूत ने कहा कि यूपी सहित 5 राज्यों में चुनाव हो रहे हैं और सभी राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उनके बाजू में बैठे पूर्व मंत्री एवं पाटन के विधायक अजय विश्नोई ने इशारे में गल्ती सुधारने कहा, लेकिन गोविंद सिंह राजपूत समझ नहीं पाए और बोलते रहे। बाद में उन्हें सफाई देना पड़ी कि वे भाजपा कहना चाह रहे थे भूल से कांग्रेस कह गए।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने चुटकी ली, कहा- दिल से भाजपाई नहीं
दरअसल, सागर के कद्दावर नेता गोविंद सिंह राजपूत की पृष्ठभूमि कांग्रेसी रही है। वे कमलनाथ की सरकार में भी मंत्री रहे, लेकिन सरकार गिरने के बाद वे ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए और इसके बाद भाजपा के टिकट पर उपचुनाव में जीत कर मंत्री बने हैं। राजपूत सोशल मीडिया पर खासे ट्रोल हो रहे हैं और इस पर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने तंज कसते हुए कहा कि गोविंद सिंह दिल से भाजपाई नहीं बन पाए हैं। यही कारण है कि गाहे-बगाहे जुबान से सच निकल ही आता है। उन्होंने ट्वीट कर इस पर चुटकी ली।