घने कोहरे के कारण हादसा, कार में सवार 4 शिष्य घायल
जबलपुर। नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार से भाग रही लग्जरी टाटा सफारी कार शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे घने कोहरे के कारण हाइवा से टकरा गई। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम धनगवां के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में महाराष्ट्र के प्रसिद्ध संत बाबा त्यागीनंद महाराज सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बाबाजी की सफारी कार में उनके अतिरिक्त 6 लोग सवार थे। हादसे में सभी कार सवारों को चोट आई है, जिसमें एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों वाहनों के बीच हुई टक्कर के बाद मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे थे। सूचना पर करीब 6 बजे सुबह सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए सिहोरा अस्पताल भेजा। मृतकों के शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ से महाराष्ट लौट रहे थे संत और शिष्य
संत बाबा त्यागीनंद महाराज के साथ हादसे में घायल हुए उनके शिष्यों ने पुलिस को बताया, कि वे महाराज के साथ छत्तीसगढ़ से टाटा सफारी स्टार्म क्रमांक एमएच 26 एके 7133 से वापस लौट रहे थे। वे आपस में घने कोहरे के बारे में बात कर रहे थे तभी सुबह करीब 5:30 बजे धनगवां के पास कार अनियंत्रित होकर ट्राला ट्रक क्रमांक एनएल 02 एन 9314 से टकरा गई। टीआई सिहोरा गिरीश धुव्रे ने बताया, कि हादसे में बाबा त्यागीनंद एवं बलिराम पुयड़ नामक सेवादार की मौके पर ही मौत हो गई है। एक भक्त गंभीर रूप से घायल है, बाकी लोगों को साधारण चोट आईं हैं। पुलिस ने घायलों से बातचीत करते हुए घायल व मृतक के परिवार में हादसे की सूचना दे दी है। महाराष्ट्र से कुछ लोगों के आने की सूचना मिली है। मृतकों के शव सुपुर्दगी की लिखा पढ़ी चल रही है। दत्तराम पुयड़ की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्राला चालक के विरुद्ध 337, 304ए, 122, 119, 170 मोविए के तहत मामला दर्ज किया है।