श्योपुर, 17 फरवरी 2022
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि रबी विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना एवं सरसों की खरीदी कार्य के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये। खरीदी सेंटरों तक आने में किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए सडकें एवं एप्रोच मार्ग यदि क्षतिग्रस्त हो तो उनकी मरम्मत संबंधित विभाग के माध्यम से कराई जायेगी। उपार्जन से संबंधित सभी अधिकारी खरीद केन्द्रों का भ्रमण कर इसकी जानकारी प्रस्तुत करें। उन्होने कहा कि खरीद केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये तथा किसानों को समर्थन मूल्य पर खरीदी के कार्य में किसी प्रकार की असुविधा न हों। कलेक्टर सभाकक्ष में खरीदी कार्य की तैयारियांं हेतु आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर श्री टीएन सिंह, उपसंचालक कृषि श्री पी गुजरे, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आरसी मीणा, एआरसीएस श्री रविन्द्र कुमार शर्मा सहित एफसीआई, मार्कफेड, नोडल कॉपरेटिव सहित खरीदी कार्य से जुडे अन्य विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि गेहूं, चना एवं सरसों के खरीद केन्द्रो पर सभी प्रकार की व्यवस्थाएं बारदाना, ऑपरेटर, तुलावटियों के साथ ही किसानों की सुविधा के लिए पानी एवं प्रकाश आदि व्यवस्थाए सुनिश्चित की जाये। शासन द्वारा निर्धारित एफएक्यू अनुसार उपज की खरीदी की जाये। उन्होने खरीद केन्द्रो के लिए नोडल अधिकारी बनाये जाने के निर्देश भी दिये। उन्होने कहा कि किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए 10 से 15 किलोमीटर के रेडियस में खरीदी केन्द्र बनाये जाये।
उपसंचालक कृषि श्री पी गुजरे ने बैठक में जानकारी दी कि इस वर्ष 02 लाख 50 हजार मैट्रिक टन गेहूं, 15 हजार मैट्रिक टन चना तथा 30 हजार मैट्रिक टन सरसों की खरीदी होना संभावित है। कृषि विभाग के माध्यम से चने एवं सरसों की खरीदी की जायेगी, जिसके लिए 22 खरीदी केन्द्र बनाये जायेंगे। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आरसी मीणा ने बताया कि गेहूं के पंजीयन का कार्य 05 मार्च 2022 तक किया जायेगा। 25 मार्च से खरीदी कार्य शुरू होगा। उन्होने बताया कि किसानों की उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय हेतु पंजीयन के लिए 38 केन्द्र बनाये गये है तथा खरीदी कार्य के लिए 49 केन्द्र बनाये जायेंगे।
*सम्पूर्ण समाचारो के लिए न्याय क्षेत्र भोपाल होगा समाचार का माध्यम मध्य प्रदेश जनसम्पर्क है
