रायसेन, 10 फरवरी 2022
स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा गैरतगंज तहसील के खोड़ी टेकापार में जल संसाधन विभाग के तहत 1292.22 लाख रू की लागत से स्वीकृत डेम के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि डेम के बन जाने से सिंचाई का रकबा बढ़ेगा और क्षेत्र के किसानों को फसलों के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध होगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि इस डेम के बन जाने से आसपास के क्षेत्र में कुआं, ट्यूबवेल आदि के जल स्तर में भी वृद्धि होगी, जिससे फसल उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को अधिक लाभ होगा। उन्होंने कहा कि जब किसान समृद्ध होंगे तो विकास को भी गति मिलेगी। साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि योजना में डेम की लम्बाई 900 मीटर और ऊंचाई 14.33 मीटर है। इस डेम का कुल भराव क्षेत्र 73.50 हेक्टेयर तथा जीवित जल भराव क्षमता 2.47 मिलियन घनमीटर है। डेम की लगभग पॉच किलोमीटर लम्बाई की नहरों से ग्राम खोड़ी टेकापार महूना एवं महगवां के 247 किसानों की 445 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अनिल डामोर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
