रायसेन, 04 फरवरी 2022
रबी विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर गेहूॅ के उपार्जन के लिए किसान पंजीयन 05 फरवरी से प्रारंभ किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री अरविन्द कुमार दुबे द्वारा जिले में 116 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इन केन्द्रों पर पंजीयन कार्य 05 फरवरी से 05 मार्च 2022 तक प्रातः 07 बजे से रात्रि 09 बजे तक किया जाएगा।
शासन के निर्देशानुसार वनाधिकारी पट्टाधारी/सिकमीदारी किसानों को वन पट्टा एवं सिकमी अनुबंध की प्रति उपलब्ध कराना जरूरी है। सिकमीदारी किसानों को पॉच हेक्टेयर से अधिक का पंजीयन नहीं किया जाएगा। पंजीयन के लिए एक फरवरी 2022 तक के अनुबंध ही मान्य होंगे। किसानों को भुगतान के लिए केवल राष्ट्रीयकृत बैंक अथवा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के एकल खाते ही मान्य होंगे। किसानों से पंजीयन के समय फसल की किस्म, रकबा एवं विक्रय योग्य मात्रा की जानकारी भी प्राप्त कर आवेदन में दर्ज करना जरूरी है। किसान की भूमि का रकबा एवं बोई गई फसल, फसल की किस्म का विवरण गिरदावरी एप से लिया जाएगा। जिले में वनाधिकार पट्टाधारी/सिकमीदारी किसानों का पंजीयन सहकारी समितियों के निर्धारित 116 पंजीयन केन्द्रों पर ही किया जाएगा।
