Type Here to Get Search Results !

भेड़ाघाट पहुंचे वीडी शर्मा बोले-संगठन का विस्तार हर कार्यकर्ता का दायित्व

नर्मदा पूजन कर की शुरूआत, राकेश सिंह भी रहे साथ 

जबलपुर। भाजपा की बूथ विस्तार योजना के तहत प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सोमवार को जबलपुर पहुंचे। उन्होने भेड़ाघाट में नर्मदा पूजन कर इसकी शुरूआत की और पार्टीजनों से कहा कि एक कार्यकर्ता का उद्देश्य संगठन विस्तार ही होना चाहिए। पार्टी की रीति-नीति से वह अधिकाधिक लोगों को जोड़े, ताकि हमारा विचार जन-जन तक पहुंचे। पूर्व अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह के साथ उन्होंने धुआधार के समीप मां नर्मदा का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद लिया। वैदिक मंत्रों के बीच उन्होंने नर्मदा माईका अभिषेक किया। नर्मदा पूजन के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बरगी विधानसभा के भेड़ाघाट मंडल के बूथ क्रमांक 189 की बूथ समिति की बैठक ली। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की सेवा और विचारधारा का फैलाव ही हमारा उद्देश्य और कर्तव्य होना चाहिए। पार्टी की सेवा कर एक तरह से हम राष्ट्र की आराधना ही कर रहे हैं। हमारे विचार का उद्देश्य मां भारती की आराधना है। भारत माता परम वैभव के शिखर पर पहुंचे ये हमारे भविष्य का लक्ष्य है। शर्मा ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के निवास पर भोजन किया। इसके बाद भेड़ाघाट ऑडोटोरियम हॉल में वे बैठक लेंगे। दीनदयाल पार्क में वोटर्स सम्मान का भी आयोजन है। सायं चार बजे वे बीएलए एवं पन्ना प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। सायं 5.30 बजे कमलपुष्प अभियान के तहत वरिष्ठों के घर पहुंचकर उनसे भेंट करेंगे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.