अधारताल में सनसनीखेज वारदात,पुलिस ने घेराबंदी कर 2 को पकड़ा, 3 फरार
जबलपुर। अधारताल के पटेल नगर चौराहा सोनी पेट्रोल पंप के पास देर रात 4 बदमाशों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। ताबड़तोड़ हमले से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया, जिसके बाद हमलावर खुद अपनी कार में घायल युवक को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद वे युवक को उसी हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए और छोड़कर भाग गए। पुलिस के मुताबिक यह वारदात न्यू ईयर पार्टी देने के विवाद पर हुई, जिसमें विवेक पांडे उर्फ चूहा ने साथियों के साथ हमला किया। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि 3 फरार हैं।
पहले बधाई फिर हाथापाई के बाद चाकू चले
महाराजपुर निवासी अजय तिवारी ने अधारताल पुलिस को बताया, कि बुधवार रात वह दिलीप सिंह ठाकुर निवासी पटेल नगर के साथ था। रात करीब 11 बजे दिलीप सिंह के साथ पेट्रोल पंप से निकले तभी पटेल नगर चौराहा के पास राजा पांडे ने आवाज देकर कहा, कि भाई नए साल की बधाई। राजा पांडे के कहने पर मैंने (अजय तिवारी) भी बधाई दी, तभी वहां विवेक पांडे उर्फ चूहा, दरोगा पांडे, राजेश यादव और उसका साला भी आ गया। चूहा ने अचानक अजय तिवारी को थप्पड़ मार दिया। चूहा गाली देने लगा तो दिलीप सिंह ठाकुर ने बीच-बचाव करते हुए कहा, कि आप लोग विवाद न करो, हमें किसी से झगड़ा नहीं करना है। दिलीप इससे आगे कुछ कह पाता तभी विवेक पांडे उर्फ चूहा, दरोगा पांडे, राजा पांडे, राजेश यादव और राजेश के साले ने दिलीप सिंह पर चाकू से हमला कर दिया।
चश्मदीद अजय तिवारी ने कहा- मेरी जान को खतरा
हत्याकांड का चश्मदीद और मृतक दिलीप सिंह ठाकुर के दोस्त अजय तिवारी ने कहा कि आरोपियों से उसे भी जान का खतरा है। दिलीप की हत्या करने वाले सभी पांच लोग अपराधिक प्रवृत्ति के हैं। वारदात के समय इन पांच लोगों के साथ बहुत सारे लोग थे, जो वाहन लिए हुए कुछ दूर खड़े हुए थे। पटेल नगर, महाराजपुर एवं सुहागी क्षेत्र में इन लोगों की दहशत है।