युवक को उठा ले जाने की सूचना पर पुलिस की हुई परेड
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में सरेराह एक युवक के अपरहरण की सूचना पर रांझी संभाग सहित अन्य थानों की पुलिस अलर्ट हो गई। डायल-100 पर मिली जानकारी के बाद पुलिस ने युवक की तलाश की और सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। बताया जाता है कि जिस युवक का अपहरण किया गया था वह बादल कोल नामक युवक को गालियां देते हुए वीडियो बनाता था।
गमछा से हाथ बांधकर बाइक पर ले गए
रांझी थाना क्षेत्र में दिल्लू कोल नामक युवक का अपहरण होने की सूचना एफआरवी डायल-100 को मिली। इसके तत्काल बाद ही एएसपी-सीएसपी सहित 2 थानों का बल अपहरित हुए दिलीप उर्फ दिल्लू कोल की तलाश में जुटा रहा। 4 घंटे की मशक्त के बाद पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा। रांझी टीआई विजय परस्ते ने बताया कि विकलांग कंपनी में काम करने वाला दिलीप उर्फ दिल्लू कोल शाम 7 बजे फैक्टरी से काम निपटाकर वापस लौट रहा था, तभी बमूरा के पास रिछाई में बच्चू कोल, संतोष साहू और सागर खड़े मिले। संतोष ने उसकी कॉलर पकड़ ली और सब मिलकर उसे ओवर ब्रिज की तरफ ले गए। उसी दौरान वहां स्कूटी और पल्सर से अनिल गुप्ता, आदि पटेल और बादल कोल भी आ गए। सभी ने मिलकर दिल्लू के हाथ गमछे से बांध दिए और फिर बाइक में जबरदस्ती बैठाकर सुहागी पन्नी मोहल्ला स्थित एक खेत में ले गए। जहां खतरा उर्फ रोहित भी आ गया और फिर सभी ने मिलकर उसे हाथ-घूसों और बैल्ट से पीटा। करीब दो घंटे तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। इसके बाद दिल्लू किसी तरह वहां से भागकर अपने मित्र चैना के घर पहुंचा और वहां से उसने डायल 100 में कॉल किया। बताया जा रहा है, कि दिल्लू बादल को गालियां देकर वीडियो बनाता था, इसी खुन्नस को भुनाने के लिए बादल कोल ने मित्रों के साथ वारदात को अंजाम दिया।