
नई दिल्ली| प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह के वीआरएस अनुरोध को विभाग ने स्वीकार कर लिया है। सिंह की ओर से अब आगामी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है। पिछले साल अगस्त में लखनऊ में तैनात सिंह ने वीआरएस के लिए आवेदन किया था। उनके अनुरोध के छह महीने बाद, संबंधित विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और उन्हें वीआरएस के लिए अनुमति दी।
संभावना जताई जा रही है कि वह साहिबाबाद से चुनाव लड़ सकते हैं।
सिंह के पास बी. टेक की डिग्री है और उन्होंने पुलिस, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय विषय में पीएचडी की है। वह 1996 बैच के यूपी के पीपीएस अधिकारी के साथ ही यूपी पुलिस के अधिकारी के तौर पर काम कर चुके हैं। 2009 में वह ईडी में शामिल हुए। उन्हें 2015 में स्थायी रूप से ईडी कैडर में शामिल कर लिया गया था। उनकी बहन आभा सिंह, जो मुंबई में एक प्रैक्टिसिंग वकील हैं, ने उनके संभावित कदम की सराहना करते हुए कहा कि देश को उनकी जरूरत है। राजेश्वर सिंह की शादी आईपीएस लक्ष्मी सिंह से हुई है।
