Type Here to Get Search Results !

दोस्ती में दगा, आधी रात सिगरेट पीने बुलाया और गोली दाग भाग गए

बेलबाग और हनुमानताल में फायरिंग से दहशत 

जबलपुर। बेलबाग थानाक्षेत्र निवासी एक युवक को दोस्ती में ऐसा दगा हुआ कि जान के लाले पड़ गए। रविवार की रात वह अपने दोस्तों के बुलावे पर सिगरेट पीने घर से निकला था, तभी उस पर फायरिंग कर दी गई। युवक को गोली तो लगी, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश दोस्त भाग गए और घायल दोस्त को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तरह बीती रात हनुमानताल थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने दनादन फायरिंग कर युवक को घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिए हैं।

 भरोसे में एक फोन कॉल पर घर से निकला ... 

 बेलबाग पुलिस ने बताया कि भानतलैया के पास रहने वाला 19 वर्षीय कृष्णा चौधरी रात 2.30 बजे सो रहा था तभी उसके मित्र शुभम सोनकर ने कॉल कर जरूरी काम का हवाला देते हुए खटीक मोहल्ला स्थित पानी की टंकी के पास बुलाया। कृष्णा घर में बिना किसी को बताए पानी की टंकी के पास चला गया, जहां शुभम और राहुल सोनकर पहले से खड़े हुए थे। कृष्णा को देखते ही शुभम व राहुल सिगरेट पिलाने उसे टंकी के पीछे ले गए और वहां दोनों उस पर पिछले कुछ दिनों से बात अनसुनी करने का आरोप लगाया। कृष्णा ने जब उनकी इस बात का खंडन किया तो शुभम ने कट्टा निकालकर उस पर तान दिया। दोस्तों के इरादे भांपकर कृष्णा ने दौड़ लगा दी, लेकिन शुभम ने फायरिंग कर दी, जिससे उसके हाथ और अंगूठे में गोली लगी और खून बहने लगा, इसके बाद भी कृष्णा हिम्मत करके दौड़ता रहा और सीधे थाने पहुंचा। कृष्णा ने पुलिस को बताया, कि उसे अपने दोस्तों पर बहुत भरोसा था इसलिए वह आधी रात को बिना सोचे-समङो उनके बुलावे पर चला गया, लेकिन उन्होने जानलेवा हमला कर दोस्ती में दगा दे दिया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

 रात डेढ़ बजे दनादन गोलियां चलाकर भागे बदमाश ...

 हनुमानताल स्थित लाल स्कूल के पास भी बाइक सवार दो बदमाशों ने इब्राहिम नामक युवक पर दनादन गोलियां चला दीं। घायल को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक सुलेमान मस्जिद के पास रहने वाला इब्राहिम उर्फ इमरान बीती रात अपने घर से निकला और रात करीब 1.30 बजे तक वापस नहीं आया। उसी दौरान परिजनों को मोहल्ले वालों ने आकर बताया कि लाल स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों ने इब्राहिम पर तीन-चार राउंड फायरिंग कर दी, घटना में युवक के पैर में गोलियां लगी हैं। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर हमलावरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.