पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चौंकी पुलिस, पड़ताल में हुआ खुलासा
। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक संतोष चौधरी की मौत के बाद रहस्य खुला कि संतोष पर साले ने हमला किया था और उसके ससुर ने यह बात छिपाकर एक्सीडेंट बताते हुए उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया था। पुलिस की पड़ताल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृतक के साले तोफान और ससुर पुन्नु लाल चौधरी के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
सिर की गंभीर चोट ने खोला राज ...........
बताया जाता है कि संतोष चौधरी निवासी धमनी पाटन को 8 दिसबर 2021 को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे उसके ससुर ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि दामाद संतोष सड़क हादसे में घायल हो गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। मेडिकल में उपचार दौरान 15 दिसम्बर को संतोष चौधरी की मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर लाश का पोस्टमार्टम कराया। बेलखेड़ा पुलिस को 2 दिन पहले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें मौत का कारण सिर पर गंभीर चोट लगना बताया गया । पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए अज्ञात के विरुद्ध 302 का अपराध पंजीबद्ध करते हुए मामले की पुन: पड़ताल शुरू कर दी है।
ससुराल में विवाद के बाद भड़का साला ....
बेलखेड़ा पुलिस की पड़ताल में पता चला, कि मृतक संतोष चौधरी के साले तोफान ने अपने जीजा पर प्राणघातक हमला किया था। वारदात के बाद ससुराल वालों ने मामले को छिपाने के लिए बता दिया कि एक्सीडेंट हो गया था। बेलखेड़ा पुलिस ने बताया कि मामले की जांच में पता चला, कि 8 दिसंबर को संतोष चौधरी अपनी ससुराल मनकेड़ी गया था, जहां किसी बात को लेकर संतोष का अपनो ससुर पुन्नू चौधरी से विवाद हो गया और संतोष ने ससुर पुन्नू पर हमला कर दिया। इसके बाद संतोष गांव के सरपंच के घर जाने के बात कह कर निकल गया। बाकी लोग भी सरपंच के घर जाने के लिए निकले, इसी बीच पुन्नू के बेटे तोफान चौधरी को पता चला, कि जीजा संतोष ने उसके पिता पुन्नू के साथ मारपीट की है। साला तोफान गुस्से में सरपंच के घर जाने को निकला, तभी हनुमान मंदिर के पास उसे जीजा मिल गया। तोफान ने जीजा के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। पुन्नू चौधरी ने एक्सीडेंट की बात बताकर उसे मेडिकल में भर्ती करा दिया। पुलिस ने आरोपी तोफान चौधरी एवं उसके पिता पुन्नू चौधरी के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छुपाने सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।