महाकोशल प्रांत का स्वतंत्र्य नाद कार्यक्रम निरस्त होने पर संक्षिप्त प्रवास
जबलपुर। कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण राष्ट्रीय स्वयं सेवक का तीन दिवसीय स्वतंत्र्य नाद कार्यक्रम स्थगित होने के बाद रविवार को संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का आगमन हुआ। दोपहर बाद यहां पहुंचे डॉ भागवत ने संघ के महाकोशल मुख्यालय केशव कुटी राइट टाउन में प्रमुख पदाधिकारियों से चर्चा शुरू की। यहां रात्रि विश्रम के बाद डॉ. भागवत कल यहां से प्रस्थान कर जाएंगे। आज उनके आगमन के मद्देनजर केशव कुटी सहित आसपास के क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर चाक-चौबंद इंतजाम किए। मिलने-जुलने वालों को संघ पदाधिकारियों से अनुमति के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। बता दें कि संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का आज सुबह ट्रेन से नरसिंहपुर जिला की तहसील करेली स्थित नर्मदा तट बरमानघाट आगमन हुआ था। यहां नर्मदा परिक्रमा कर रहे स्वामी ईश्वरानंद उत्तम स्वामी से संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने भेंट की। इसके बाद बरमान से सड़क मार्ग द्वारा संघ प्रमुख जबलपुर पहुंचे। पूर्व में डॉ. भागवत के सानिध्य में जबलपुर में तीन दिवसीय आरएसएस का एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित था,लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए उक्त कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया।