सुप्रीम कोर्ट की कॉलोजियम ने की अनुशंसा,जबलपुर के मनिंदरसिंह भट्टी शामिल
जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट को 6 नए जज दिए जाने की देश की शीर्षस्थ अदालत सुप्रीम कोर्ट की कॉलोजियम ने अनुशंसा कर दी है। इसमें जबलपुर के वकील मनिंदर सिंह भट्टी सहित इंदौर के मिलिंद रमेश फड़के और ग्वालियर के डीडी बंसल का नाम शामिल है। उधर,इसके साथ ही उच्च न्यायिक सेवा के तीन अधिकारियों का नाम भी सुप्रीम कोर्ट की कॉलोजियम ने फाइनल कर दिया है। इसमें अमरनाथ केशरवानी, प्रकाशचंद्र गुप्ता और दिनेश कुमार पालीवाल का नाम शामिल किया गया है। बता दें कि मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में इस समय निर्धारित जजों की संख्या कम है। इसके चलते 6 नए न्यायाधीश मिलने को काफी अहम माना जा रहा है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि इस समय चीफ जस्टिस रवि मालिमठ सहित कुल 29 जज ही कार्यरत हैं जबकि स्वीकृत पद कुल 53 हैं। ऐसे में निर्धारित जज संख्या कम होने के कारण अक्सर न्याय प्रक्रिया में हो रहे विलम्ब की बात सुर्खियां बनती रहती है, साथ ही अधिवक्ता और पक्षकार भी परेशान रहते हैं।