भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया हास्यास्पद,बोले-ये गांधी का देश
जबलपुर। सोशल मीडिया पर वायरल ‘कमलनाथ रिटर्न्स-2023’ पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि क्या मध्यप्रदेश अफगानिस्तान है, जो गन लेकर फायरिंग करते कमलनाथ को दिखाया जा रहा है। दरअसल, सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने वाले वीडियो में पूर्व सीएम कमलनाथ की 2023 में धमाकेदार वापसी की स्क्रिप्ट पर यह वीडियो जारी किया गया है जिसमें महिला अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, आदिवासियों से अत्याचार आदि के पुतलों पर फायरिंग करते हुए कमलनाथ जनता का हाथ थामते नजर आ रहे हैं। इस कथित फिल्म का प्रोमो दक्षिण भारत की फिल्म केजीएफ-2 की तर्ज पर बनाया गया है, जिसे भाजपा ने हास्यास्पद बताया है।
एंग्री यंग मैन-हीरो की तरह कमलनाथ की एंट्री
वीडियो में ये बताने की कोशिश की गई है कि जनता की तकलीफों से निजात दिलाने कमलनाथ की 2023 में फिर वापसी हो रही है और वे लोडेड गन से इन सारी समस्याओं का अंत करते हुए जनता का हाथ फिर थामेंगे। एक मिनट के वीडियो में ये दर्शाया गया है कि प्रदेश में शिवराज के जंगलराज को खत्म करने के लिए दोबारा सरकार में कमलनाथ आ रहे हैं। ग्राफिक्स वीडियो की शुरु आत गन लोड करने से होती है, इसके बाद कमलनाथ की सूट-बूट में एंट्री होती है। धमाकेदार फायरिंग के साथ ही एक स्लोगन लिखा आता है- शिवराज के जंगलराज से बचाने, बलात्कार.. बदहाल किसान.. जंगलराज.. पनौती सरकार.. महिला अपराध.. बाल अपराध.. आदिवासी अत्याचार.... आ रहे हैं कमलनाथ। गोलीबारी के साथ ही एक पोस्टर दिखाया गया है, जिसमें कमलनाथ गन के साथ नजर आ रहे हैं। इस पर लिखा है कमलनाथ रिटर्न्स 2023।
वीडी बोले- रोज देख रहा हूं कमिंग सून..कमिंग सून
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि ये हास्यास्पद है, क्या भारत का समाज ऐसा है? यहां प्रेम भाव से आने, जनता से मिलने और उसकी तकलीफ जानने का प्रयास करना चाहिए। ये (कमलनाथ) गनें लोड कर रहे हैं। देश के अंदर क्या राजनीति में गनों की जरूरत है? वीडी शर्मा ने कहा कि मुङो जब से संगठन की जिम्मेदारी मिली है तब से मैं रोज देखता हूं, कमिंग सून..कमिंग सून। जिसको जब आना है आए, भाजपा काम के बल पर-कार्यकर्ताओं के दम पर अनुशासन में रहकर जनता की सेवा करती है।
ग़ृह मंत्री ने कहा- सेवा का वीडियो बनाना चाहिए
गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र ने भोपाल में कहा कि कमलनाथ जी को रहस्य और रोमांच की जगह कोरोना काल में सेवा करते हुए वीडियो जारी करवाना चाहिए। वैसे उनको ये जरूर बताना चाहिए कि वह किस पर गोली चलवा रहे हैं..? वहीं भाजपा ने अन्य जिलों में भी इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवराज को जनसेवक बताया है।