भाजपा ने कहा- एक समूह के आपसी विवाद को कांग्रेस ने बनाया झूठ का हथियार
इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में पहली बार जमकर हूटिंग हुईं। वे इंदौर के शुभ कारज गार्डन में आदिवासी छात्रों के एकलव्य विद्यार्थी सम्मेलन में शामिल हुए। पहले तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आदिवासियों के साथ मंच पर जमकर नृत्य किया। उसके बाद जैसे ही मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी छात्रों को सारी सुविधाएं मिल रही है,तो सभी विद्यार्थियों ने हाथ हिला कर मना कर दिया। उसके बाद शिवराज सिंह चौहान बोले कि आदिवासी विद्यार्थियों को नौकरी दी जा रही है। तो सब ने हूटिंग करना शुरू कर दी। उसके बाद जब शिवराज सिंह ने कहा कि रोजगार भी दिए जाएंगे। तो भी विद्यार्थियों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
मंत्री ऊषा ठाकुर पहुंची समझने...........
बताया जाता है कि शिवराज सिंह खुद हतप्रभ थे कि आखिर यह क्या हो गया। वहां मौजूद मंत्री उषा ठाकुर छात्रों के बीच गई और उनसे कहा कि मुख्यमंत्री की बात तो सुनिए। शिवराज सिंह समझ गए थे कि मामला गड़बड़ है तो उन्होंने कहा कि आज का सम्मेलन इसलिए रखा है ताकि आप लोगों को जो सुविधाएं नहीं मिली है वह दी जा सकें। सब के सुझाव लिए जा सकें।
अधिकारी भी हैरान, ये क्या हो रहा है..............
इंदौर संभाग के विद्यार्थियों ने इस कदर बार-बार हंगामा मचाया की अफसर भी परेशान हो गए। शिवराज सिंह ने बमुश्किल 5 मिनट में ही अपना भाषण खत्म कर दिया, उसके बाद भी विद्यार्थी बार-बार कहते रहे की बैकलाग के पद नहीं भरे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने छात्रों के साथ भोजन किया................
भाजपा ने छात्रों की हूटिंग को कांग्रेस का झूठ करार दिया है। पार्टी के प्रवक्ता उमेश शर्मा ने ट्वीट कर कहा कि आयोजन में छात्रों के एक समूह के सामान्य से आपसी विवाद को लेकर कांग्रेस द्वारा झूठ फैलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम समाप्त होने के बाद छात्रों के साथ बैठकर भोजन भी किया।