
बिलासपुर। शहर समेत अंचल में ठंड बेतहाशा बढ़ गई हैकई क्षेत्रों में बढ़ने के साथ ही शीतलहर भी चलने लगी है। इन सबके बीच शहर में भी लोगों को ठंड सताने लगी है। विशेषकर रात के समय यात्री, बेघरों, भिक्षुकों व बाहर काम करने वाले कामकाजी लोगों के लिए परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम द्वारा रविवार की शाम से शहर के सभी चौक-चौराहों पर अलाव जला दिया गया है। इस बार लकड़ी के बजाय गोबर से
बने गोकाष्ठ से अलाव जल रहे हैं।
बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी ने आठ जोन को अलाव जलाने के निर्देश पहले से दे दिए थे। उन्होंने साफ किया था कि हर हाल में रविवार की शाम से अलाव जल जाने चाहिए।
साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि इस बार लकड़ी के बजाय गोठानों में गोबर से बने गोकाष्ठ का उपयोग कर अलाव जलाए जाएं।
इसी के तहत रविवार की सुबह सभी जोन से गोकाष्ठ की खरीदी की गई और शाम होते ही अलाव जलाने का काम शुरू कर दिया गया। ऐसे में बेसहारा लोग, राहगीर कड़ाके की ठंड में अलाव से गर्माहट ले रहे हैं।
यह अलाव जब तक ठंड तेज रहेगी, लगातार जलता रहेगा।
इन प्रमुख चौक-चौराहों में जला अलाव
नगर निगम द्वारा जरहाभाठा चौक, राजीव गांधी चौक, महाराणा प्रताप चौक, नेहरू चौक, मंगला चौक, गोल बाजार चौक, पुराना बस स्टैंड चौक, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि स्थानों पर अलाव जलाया जाएगा।
इसके अलावा विभिन्न् वृद्धाश्रम में भी निश्शुल्क रूप से गोकाष्ठ की व्यवस्था कर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।
