युवाओं के सपनों से ही होगा राष्ट्र का नवनिर्माण: कैलाश सत्यार्थी
जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जबलपुर में हो रहे राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन फूलों का चमन बनी शहर की सड़कों पर भव्य रैली निकाली गई। जगह-जगह बने मंचों से रैली का स्वागत किया गया। रैली में अभाविप के राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित प्रदेश के नेता और बड़ी संख्या में उत्साहित युवक-युवतियों की भागीदारी रही। हालांकि रैली के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम हुआ और लोग परेशान हुए। इससे पहले वेटरनरी कॉलेज केम्पस में आयोजित अधिवेशन में नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने कहा कि युवाओं को अपनी ताकत पहचाननी होगी। युवाओं के पास सभी समस्याओं को समाधान होता है। उन्होने कहा कि राष्ट्र का निर्माण ईंट-गारा से नहीं बल्कि युवा पीढ़ी के सपनों से होता है। युवाओं पर केंद्रित उद्बोधन में कैलाश सत्यार्थी ने कहा कि कि यह राष्ट्रीय अधिवेशन एक यज्ञ की तरह है, जिसमें हम श्रेष्ठतम कर्म की आहुति करते हैं। आज डाटा के माध्यम से पूंजी का निर्माण हो रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से लोगों की सोच व्यवहार को प्रभावित किया जा रहा है। अधिवेशन को प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार 2021 विजेता कार्तिकेयन गणोशन, अभविप राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. छग्गनभाई पटेल एवं राष्ट्रीय महामंत्री सुश्री निधि त्रिपाठी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित .................................
वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में चल रहे एबीवीपी के राष्ट्रीय अधिवेशन में क्षेत्रीय संगठन मंत्री नीरव गिलानी, अधिवेशन स्वागत समिति अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र जामदार, स्वागत समिति सचिव संदीप जैन, महाकौशल अभाविप प्रान्त अध्यक्ष संदीप खरे, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ यादव, प्रांत मंत्री सुमन यादव, महानगर मंत्री माखन शर्मा, अधिवेशन व्यवस्था प्रमुख सर्वम राठौर सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अधिवेशन में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक से एबीवीपी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होने पहुंचे हैं।