दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था बुजुर्ग ने, सरकार अलर्ट
नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की भारत में भी एंट्री हो गई। ये दोनों ही मामले बेंगलुरू में पाए गए हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रलय ने इसकी जानकारी दी है। सूत्रों के मुताबिक ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए 66 साल के बुजुर्ग ने साउथ अफ्रीका का दौरा किया था। जबकि 46 साल के दूसरे मरीज ने ऐसी कोई यात्र नहीं की थी और वो एक स्वास्थ्यकर्मी है। दोनों मरीजों को सिर्फ बुखार की शिकायत है और वो पूरी तरह ठीक हैं। राहत की बात ये कि ओमिक्रॉन संक्रमित दोनों व्यक्यिों के संपर्क में आए 240 लोगों का टेस्ट कराया गया जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव मिली है।
चिंता: दोनों मरीजों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी ........
विश्व स्वास्थ्य संगठन के हवाले से स्वास्थ्य मंत्रलय ने बताया है कि कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट डेल्टा के मुकाबले 5 गुना ज्यादा खतरनाक है और यह बाकी के मुकाबले तेजी से फैल सकता है। नए वैरिएंट की जानकारी मिलने के बाद अब तक यह 29 देशों में पहुंच चुका है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जिस विदेशी नागरिक की रिपोर्ट में ओमिक्रॉन वैरिएंट पाया गया है, उसे दोनों वैक्सीन लग चुकी हैं। विदेशी नागरिक निगेटिव रिपोर्ट के साथ बेंगलुरू पहुंचा था। उसके एट-रिस्क कंट्रीज से आने के कारण एयरपोर्ट पर ही आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया, इसके बाद वह होटल चला गया। उसी दिन आई रिपोर्ट में वह पॉजिटिव पाया गया। सरकारी डॉक्टर ने होटल जाकर उसकी जांच की। जांच में उसके अंदर कोई लक्षण नहीं मिले तो उसे सेल्फ आइसोलेट रहने का निर्देश दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, उसके संपर्क में आने वाले सभी 24 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद सेकेंडरी कांटेक्ट्स के तौर पर उन 24 लोगों के संपर्क में आए 240 लोगों का टेस्ट किया गया। इन सभी की रिपोर्ट भी निगेटिव मिली है।