एसपी ने मैराथन बैठक में कसे महकमे के कसबल
जबलपुर। धोखाधड़ी, जालसाजी और गंभीर अपराधों की विवेचना सब इंस्पेक्टरों के हवाले न कर थाना प्रभारी स्वयं करें। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने देर रात तक चली मैराथन बैठक मेंसभी एएसपी, सीएसपी, एसडीओपी, डीएसपी एवं जिले के समस्त थाना प्रभारियों से चर्चा में ये निर्देश दिए। एसपी ने कई थाना प्रभारियों की तारीफ की वहीं करीब आधा दर्जन थाना प्रभारियों को लापारवाही पर जमकर फटकार लगाई।
सीएम हेल्पलाइन में संजीदगी पर दी शाबासी..........
एसपी ने कहा कि सीएम हेल्प लाइन से संबंधित शिकायतों के निकाल के संबंध में जबलपुर की स्थिति ‘ ए ’ ग्रेड है, इसके लिए आप सभी को बधाई। आगे भी इसी तरह सीएम हेल्प लाइन से संबंधित शिकायतों की समस्त राजिपत्रत अधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं समीक्षा करते हुए शिकायतकर्ता से विनम्रता पूर्वक चर्चा करें एवं उनकी जो भी शिकायत है,उस पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निकाल करें। सीएम हेल्प लाइन से संबंधित शिकायतों की सुनवाई हेतु प्रति सप्ताह शनिवार के दिन अनुभाग के किसी भी एक थाने में कैंप लगाएं।
फरार अपराधियों पर कसो नकेल, चोरी का माल करो बरामद............
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने लंबित अपराधों एवं संपत्ति संबंधी घटित अपराध जिनमें अभी तक आरोपी चिन्हित नहीं हुए या फिर नामजद आरोपी फरार है,ऐसे मामलों की समीक्षा की। एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से कहा कि आरोपियों की पतासाजी कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी कर चोरी गई संपत्ति की बरामदगी करें। 31 दिसम्बर तक, लंबित अपराधों के निराकरण करें। एसपी ने कहा कि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्ग एवं समाज के कमजोर वर्गो के द्वारा की गई शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें। उच्च न्यायालय द्वारा जारी समन वारंट की तामीली प्राथमिकता के आधार पर की जाए इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाए।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट पर नजर रखें.............
एसपी ने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजन, समाज में विद्वेष फैलाने वाली पोस्ट पर नजर रखते हुए दोषी लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। आपित्तजनक वीडियो फुटेज शेयर करने पर कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित हुई तो संबंधित के विरूद्ध एन.एस.ए. की कार्रवाई की जाएगी। 5 थाना प्रभारियों को फटकार, कार्य में तेजी के निर्देश......... अपराधों के निकाल, माइनर एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की समीक्षा पर एसपी ने अच्छी कार्रवाई पर कोतवाल टीआई अनिल गुप्ता एवं गोहलपुर टीआई अरविंद चौबे को नगद पुरस्कार दिया गया। वहीं थाना प्रभारी अधारताल, मदनमहल, रांझी, गढ़ा, पनागर को संपत्ति संबंधी अपराधों में बरामदगी एवं अपराधों के शीघ्र निकाल में लापरवाही पर फटकार लगाते हुए नाराजगी जाहिर की। अपराध समीक्षा बैठक में एएसपी रोहित काशवानी, एएसपी क्राइम गोपाल प्रसाद खांडेल, एएसपी संजय कुमार अग्रवाल, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, समस्त राजिपत्रत अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।