लग्जरी कारों की इनवाइस में हेरफेर कर शासन को लगाई लाखों की चपत
जबलपुर। लग्जरी कार स्कोडा की डीलरशिप लेकर सागर ऑटोटेक प्राइवेट लिमिटेड के नाम से शोरूम का संचालन करने वाले प्रतीक जैन, पत्नी मीनल जैन और तत्कालीन वाइस प्रेसिडेंट अशोक ठाकुर पर दर्ज धारा 420, 467,468,471, एवं 120बी के मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यु) ने न्यायालय में अभियोग पत्र पेश कर दिया। शोरूम का संचालन करते हुए आरोपियों ने संगठित होकर अपराधिक षड़यंत्र रचकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर शासन को 19 लाख 14 हजार 182 रुपए की क्षति पहुंचाई थी। स्कोडा एजेंसी एवं परिवहन विभाग में दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन एवं दस्तावेजों में ब्रिकी रकम लाखों रुपए में कम दशाई गई है। वाहन की इनवाइस में धोखाधड़ी कर टैक्स में दी जाने वाली रकम में 25} तक बचत करने की बात सामने आई है। वहीं इस प्रकरण में इंदौर व भोपाल की एजेंसी की संदिग्ध भूमिका बताई जा रही है जबलपुर की सागर आटोटेक प्राईवेट लिमिटेड द्वारा वर्ष 2018 एवं 2019 में 100 से अधिक लग्जरी वाहनों का विक्रय किया गया था। बेचे गए करीब 42 लग्जरी वाहनों के संबंध में विक्रय मूल्य से कम कीमत की इन्वाइस परिवहन विभाग को जारी कर मोटरयान कर में हानि पहुंचाई गई थी। एजेंसी संचालक एवं कर्मचारियों ने सुनियोजित तरीके से दोहरा लाभ कमाने के लिए परिवहन विभाग के साथ जीएसटी में गड़बड़झाला किया था। ईओडब्ल्यू टीम ने शहर सहित भोपाल-इंदौर से संचालित होने वाले स्कोडा वाहन शोरूम संचालकों से भी पूछताछ की थी। गौरतलब है कि एसपी ईओडब्ल्यू देवेंद्र सिंह राजपूत के निर्देश पर 18 जुलाई 2019 को कटंगी बायपास स्थित स्कोडा कार की सागर आटोटेक प्राइवेट लिमिटेड में ईओडब्ल्यू ने छापा मारा था। लग्जरी कार की कीमत में लाखों का हेरफेर कर परिवहन विभाग में कम कीमत दर्शाकर कम टैक्स जमा करने की शिकायत पर टीम ने मौके से कई अहम दस्तावेज जब्त किए थे। दस्तावेजों की जांच पूर्ण होने के बाद प्रतीक जैन सहित अन्य के बयान भी दर्ज किए गए थे।
42 लग्जरी कारों में धोखाधड़ी की आशंका............... सागर आटोटेक प्राईवेट लिमिटेड द्वारा वर्ष 2018 एवं 2019 में 100 से अधिक लग्जरी वाहनों का विक्रय किया गया है। बेचे गए करीब 42 वाहनों के संबंध में विक्रय मूल्य से कम कीमत की इनवाइस परिवहन विभाग को जारी कर मोटरयान कर में हानि पहुंचाई गई है। एजेंसी संचालक एवं कर्मचारियों ने दोहरा लाभ कमाने के लिए परिवहन विभाग के साथ जीएसटी में गड़बड़ी की गई है।
टैक्स चोरी की ये थीं 3 अहम शिकायतें.................
1. शुभम अरोरा निवासी पांडव नगर शहडोल को 2 मार्च 2019 को स्कोडा कोडियेक वाहन इंजन नम्बर 102497, चेचिस नम्बर 400120 विक्रय किया गया था। शुभम अरोरा को दी गई इनवाइस में कार की कीमत 36 लाख 34990 है, जबकि डीलर द्वारा उक्त वाहन की 26 मार्च 2019 को परिवहन विभाग को भेजी गई इनवाइस में वाहन का मूल्य 27 लाख जारी किया गया है। डीलर ने परिवहन विभाग को जारी की गई इनवाइस में 9 लाख 34990 रुपए कम कीमत कम बताकर कीमत के 9 प्रतिशत के रुप में 84 हजार रूपए की हानि पहुंचाई गई। 2. रोहित तिवारी शास्त्री नगर गढ़ा जबलपुर को 31 अक्टूबर 2017 को स्कोडा रेपिड वाहन बेचा गया था। रोहित को प्रदाय दी गई इनवाइस में कार की कीमत 34 लाख 49501 रुपए है। डीलर ने 2 मई 2018 को परिवहन विभाग को भेजी गई इनवाइस में कार की कीमत 30 लाख 49501 रुपए बताते हुए 36000 की टैक्स चोरी की गई। 3. राहुल राज जैन निवासी गोटेगांव को 7 नवम्बर 2018 को स्कोडा रेपिड बेची गई। राहुल को दी गई इनवाइस में कार की कीमत 12 लाख 30 हजार रुपए दर्शाते हुए 29 दिसम्बर 2018 को परिवहन विभाग को भेजी गई इनवाइस में बिक्री मूल्य 8 लाख 31612 रुपए दिखाते हुए मोटरयान टैक्स के 31355 रुपए चोरी किए गए।
इनका कहना है..............
सागर ऑटोटेक प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एजेंसी का संचालन करने वाले प्रतीक जैन सहित अन्य के विरुद्ध जांच के बाद चालान पेश किया गया है। भोपाल एवं इंदौर से संचालित होने वाले शोरूम संचालकों से भी पूछताछ चल रही है। देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत, एसपी ईओडब्ल्यु जबलपुर