बालाघाट के खैरलांजी में पदस्थ है जनपद के भ्रष्टाचार का नमूना
जबलपुर। ग्राम सहायक से जनपद पंचायत में को-आर्डिनेटर पद तक पहुंचा रमेश पटले करोड़पति निकला। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व ने बालाघाट जिले के खैरलांजी में पदस्थ जनपद पंचायत के को-आर्डिनेटर के घर सुबह-सुबह छापा मारा और पटले के परिवार को सोते से उठाकर जांच-पड़ताल की तो प्रारंभिक तौर पर सवा करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल सम्पत्ति मिली।
शिकायत की जांच के बाद मारा छापा...............
ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने पटले के वारासिवनी स्थित घर में सुबह करीब 4 बजे दबिश दी। सर्च कार्रवाई के दौरान जो दस्तावेज मिले उससे पता चला कि रमेश पटले ने अकूत सम्पत्ति अजिर्त की। ईओडब्ल्यू एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गंगोत्री कॉलोनी वारासिवनी बालाघाट निवासी रमेश कुमार पटले वर्तमान में जनपद पंचायत खैरलांजी बालाघाट में समन्वय अधिकारी है। पटले के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत की जांच निरीक्षक प्रेरणा पांडे द्वारा की जा रही थी। गुरु वार तड़के डीएसपी मनजीत सिंह और टीआई प्रेरणा पांडे की अगुवाई में दबिश देते हुए सर्च कार्रवाई शुरू की गई है। आवास में चल रही सर्च कार्रवाई के बाद टीम खैरलांजी स्थित पटले के कार्यालय की जांच भी की जाएगी।
पटले के साथ पत्नी लक्ष्मी भी बनी आरोपी, मोबाइल जब्त.............
रमेश कुमार पटले और उसकी पत्नी लक्ष्मी पटले को ईओडब्ल्यू ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और साजिश रचने का प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी बनाया है। पटले दंपती की काली कमाई की जांच करने पहुंची टीम ने परिवार के लोगों को सर्च वारंट दिखाते हुए परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए थे।
33 साल पहले ग्राम सहायक से शुरू हुआ नौकरी का सफर.........
बताया जाता है कि रमेश पटले अप्रैल 1988 को वारासिवनी बालाघाट में ग्राम सहायक के पद पर नियुक्त हुए थे। वर्तमान में रमेश पटले पदोन्नत होकर समन्वय अधिकारी जनपद पंचायत खैरलांजी बालाघाट में पदस्थ हैं। रमेश पटले ने नौकरी अवधि में वेतन आदि से कुल 35 लाख रु पए की बचत की है। इसके विरुद्ध उनकी संपत्ति प्रारंभिक जांच में एक करोड़ 23 लाख की मिली है। वारासिवनी में गंगोत्री कॉलोनी में 2400 वर्गफीट में बना मकान, गंगोत्री कॉलोनी में पत्नी के नाम पर 2400 वर्गफीट में बना व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स, गंगोत्री कॉलोनी में पत्नी लक्ष्मी के नाम पर 2400 वर्गफीट एवं 2880 वर्गफीट के 2 प्लाट, वारासिवनी के ग्राम गर्रा में 1500 वर्गफीट प्लाट, वारासिवनी में करीब 23 हजार वर्ग फीट का प्लॉट, एसबीआई लाइफ में 6.92 लाख रु पए का निवेश, सहारा इंडिया में 8.65 लाख का निवेश होना पाया गया है। अब तक कुल 1.23 करोड़ की संपत्ति मिली है।
इनका कहना है................
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मामले में वारासिवनी में ईओडब्ल्यू की टीम द्वारा सर्च कार्रवाई की जा रही है। सर्च कार्रवाई का आंकलन करने के बाद ही संपूर्ण चल-अचल संपित्त का खुलासा हो सकेगा।
देवेंद्र प्रताप सिंह , एसपी ईओडब्ल्यू