कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री अरविन्द दुबे द्वारा जिले में 12 जनवरी 2022 को आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय स्वरोजगार एवं रोजगार सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला स्तरीय सम्मेलन में शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री दुबे ने कहा कि सम्मेलन में आने वाले लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी मिल सके, इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर सभी विभाग स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं तथा कार्यक्रमों से लोगों को अवगत कराएं। इसके साथ ही उन्होंने अन्य स्वरोजगारमूलक योजनाओं के तहत भी अधिक से अधिक पात्र और जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाने के संबंध में निर्देश दिए। कलेक्टर श्री दुबे नगरीय क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता कैम्प लगाने के संबंध में भी निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री पीसी शर्मा, एलडीएम श्री एचएस सोनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
