रसूखदार परिवार पर हाथ डालने से बच रही कटनी पुलिस
कटनी। खनिज नगरी कटनी के जाने माने उद्योगपति प्रदीप मित्तल के बेटे ऋषभ ने सरेआम एक युवती पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। इतना ही नहीं रसूखदार पिता के बेटे ने युवती को मारने के बाद उसका ईयर फोन तोड़ दिया और भद्दी गालियां देते हुए पुलिस में रिपोर्ट लिखवाने पर जान से मारने की धमकी दी। बताया जाता है कि पुलिस रसूखदार परिवार पर हाथ डालने से बच रही है, हालांकि थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा का कहना है कि युवती की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह घटना कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र की है जहां प्रदीप मित्तल के बेटे ऋषभ ने सरेराह युवती की पिटाई की। युवती के परिजन जब थाने में घटना की रिपोर्ट लिखाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें आपस में मामला निपटा लेने की सलाह दी और एफआईआर दर्ज करने में टालामटोली की। वहीं परिजन ऋषभ के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने अड़े रहे। बताया जाता है मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण थाना प्रभारी के पास वरिष्ठ अधिकारियों के फोन भी आए, इसके बाद पुलिस ने मामूली धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। उद्योगपति के बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने से पुलिस बच रही है, वहीं युवती के परिजनों पर रिपोर्ट वापस लेने दबाव बनाया जा रहा है। पता चला है कि कुछ सामाजिक संगठन युवती के पक्ष में लामबंद हो रहे हैं और पुलिस पर ऋषभ मित्तल को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।