रांझी में भाजपा की पूर्व पार्षद के भतीजे का सुसाइड मामला
जबलपुर। सुसाइड मामले में आरोपी रांझी के भाजपा नेता व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग लेकर भाजपा के पदाधिकारी व महिलाएं थाने के सामने धरना देकर बैठ गए। मामला थाना क्षेत्र निवासी मेडिकल स्टोर संचालक एवं भाजपा की पूर्व पार्षद सदारानी साहू के भतीजे सौरभ साहू के साथ मारपीट कर उसे आत्महत्या के लिए प्रेरित करने से जुड़ा है। आरोपी भाजपा नेता काके गूमर सहित उसके अन्य सहयोगी पुलिस को ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। पीड़ित परिवार वालों ने कई बार पुलिस से कार्रवाई करने को लेकर शिकायत की, लेकिन हर बार पुलिस का यही कहना था कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक माह गुजर जाने के बाद भी पुलिस के हाथी खाली हैं। पुलिस पर निष्क्रियता व आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने अनिश्चितकालीन धरना दे दिया। परिजनों का कहना है कि मेडिकल स्टोर संचालक सौरभ साहू से भाजपा नेता काके गूमर, डॉक्टर तरनजीत सिंह गुजराल सहित अन्य लोगों ने मारपीट की थी जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ। सभी आरोपियों के खिलाफ रांझी थाना में शिकायत भी दर्ज हुई है पर अभी तक आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। आत्महत्या करने से पहले सौरभ साहू द्वारा मोबाइल पर बनाए गए वीडियो में प्रताड़ना सहित सभी आरोपियों के नाम का जिक्र किया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता के दबाव में उक्त मामले में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। लिहाजा मृतक सौरभ साहू की बड़ी मम्मी जो कि भाजपा की वरिष्ठ नेत्री हैं उन्होंने आज से अनिश्चित कालीन धरना परिवार के साथ रांझी थाना के समीप शुरू कर दिया। भाजपा की नगर महामंत्री सदारानी साहू ने कहा है कि उनके भतीजे सौरभ को आत्महत्या करने के लिए प्रेरित करने वाले आरोपी कौन हैं यह मुङो अच्छे से पता है, मुङो यह भी पता है कि फरार अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे तब तक वह थाने के बाहर बैठकर धरना देती रहेंगी। दुकान खाली करवाने को लेकर हुआ था विवाद डॉक्टर तरनजीत सिंह गुजराल एक डेंटिस्ट है इनकी क्लीनिक के सामने मृतक सौरभ साहू की मेडिकल स्टोर है, डॉ. तरनजीत सिंह गुजराल को हमेशा से यह बात खटकती रही है कि उनकी क्लीनिक के सामने सौरभ साहू की दुकान होने से उन्हें नुकसान हो रहा है। कई बार सौरव साहू को धमकी देते हुए डॉ तरनजीत सिंह गुजराल ने दुकान खाली करने की बात भी कही थी पर जब सौरव साहू ने उनकी बात नहीं मानी तो उसके साथ मारपीट कर प्रताड़ित किया गया। वीडियो में ये कारण बताकर ही सौरभ ने आत्महत्या की।