Type Here to Get Search Results !

सतना: नर्स मोबाइल में व्यस्त रही मासूम बच्चे की मौत

जिला अस्पताल में हंगामा, नर्सो ने काम बंद किया

 सतना। जिला अस्पताल में एक बार फिर डॉक्टरों और नर्सो पर लापरवाही सामने आई है। यहां उपचार के लिए आए ढाई माह के बच्चे की मौत होने से गुस्साए परिजनों ने भारी हंगामा किया। बच्चे के परिजनों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात नर्स मोबाइल फोन में व्यस्त रही और डॉक्टर ने इलाज नहीं किया जिससे बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा करते हुए स्टाफ नर्स के साथ मारपीट की और बच्चे की मौत के लिए स्टॉफ नर्स को जिम्मेदार ठहराया। इस घटना के बाद जिला अस्पताल में पदस्थ सभी नर्सों ने काम बंद कर दिया और लामबंद होकर मारपीट करने वाले पर कार्रवाई की मांग को लेकर जिला अस्पताल के अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इस मामले में कोतवाली थाने में दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है जिसे पुलिस ने जांच में लिया है। बताया जाता है कि संजय अहिरवार ने अपने ढाई माह के बच्चे को भर्ती कराया था। बच्चे की हालत गंभीर थी इसके बावजूद सही इलाज नहीं मिला। संजय का आरोप है कि नर्स से जब इलाज की बात की तो वो मोबाइल में बिजी थी और न देखने पहुंची और न ही डॉक्टरों को फोन किया जिसके बाद इलाज के अभाव में बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद नर्स ने अभद्रता की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.