एमपी में पीएम मोदी की वापसी के बाद होगा कैबिनेट फेरबदल!
November 14, 2021
0
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को भोपाल में होने वाली जनजातीय गौरव दिवस सभा के बाद शिवराज कैबिनेट में फेरबदल होगा। यह फेरबदल एक हफ्ते के भीतर संभावित है जिसमें तीन से चार मंत्रियों को बाहर किया जाएगा और पांच विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल होने का मौका मिलेगा।
शिवराज कैबिनेट में अभी 31 मंत्री हैं और तीन मंत्री और बनाए जा सकते हैं। कुल मंत्रियों की संख्या 34 तक हो सकती है। इसे देखते हुए यह माना जा रहा है कि पीएम मोदी की जम्बूरी मैदान में कल होने वाली सभा के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा। इस बदलाव में आदिवासी विधायकों को मौका मिल सकता है जिसमें सुलोचना रावत का नाम सबसे आगे है। इसके साथ ही कमजोर परफार्मेस के चलते चार से पांच मंत्रियों की छुट्टी भी मंत्रिमंडल से होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
विभागों में बदलाव चाहते हैं कुछ मंत्री
दूसरी ओर कई मंत्री अपने विभागों में बदलाव चाहते हैं जिन्हें सीएम नए विभागों की जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। महिला और बाल विकास विभाग, पीएचई समेत कई महत्वपूर्ण विभाग अभी सीएम शिवराज के पास हैं। नए मंत्रियों को इन विभागों की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। वहीं मौजूदा मंत्रियों के विभाग में भी बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं।
Tags