भारी पुलिस बल की छापामारी,दत्तक पुत्र के रेप केस से खुला रास्ता
जबलपुर। चाकूबाज, अड़ीबाज, सूदखोर और वसूली गैंग का मठाधीश महादेव अवस्थी उर्फ महादेव पहलवान को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महादेव पहलवान की गिरफ्तारी की खबर शहर में टॉप ट्रेंड पर रही, जिसमें खास बात ये रही कि इस पर कार्रवाई करने या हाथ डालने में जबलपुर पुलिस हमेशा बचती रही। अपराध जगत में महादेव पहलवान की गिरफ्तारी को लेकर तरह-तरह चर्चाएं शुरू हो गई। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशन में सुबह-सुबह एएसपी रोहित काशवानी एवं सीएसपी दीपक मिश्र भारी पुलिस फोर्स के साथ तमरहाई चौक राजा रसुल्ला के समीप रहने वाले महादेव पहलवान के घर पहुंचे। महादेव के घर पर हुई सर्चिग दौरान पुलिस को करीब 10 लाख रुपए नगद, 15 से 25 प्रतिशत में ब्याज पर रुपए देने के दस्तावेज, बटनदार चाकू, रजिस्ट्री सहित अन्य हथियार मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है। एएसपी रोहित काशवानी ने बताया कि महिला थाना में दर्ज धारा 376 के दर्ज मामले में रेप के आरोपी 22 वर्षीय यश अवस्थी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई थी। पुलिस को अन्य सोर्स से पता चला कि आरोपी यश अवस्थी का पिता महादेव अवस्थी अवैध वूसली, अड़ीबाजी सहित मकान-दुकान एवं प्लाट में कब्जा करने में माहिर है। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए महादेव पहलवान के घर में दबिश देते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और छानबीन दौरान घर से करीब 10 लाख रुपए नगद, चैक बुक, पासबुक, रजिस्ट्री, चाकू सहित अन्य हथियार मिले हैं। घर से मिली सभी सामग्री की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
सुबह 4 बजे सोते से उठाया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यश शातिर बदमाश महादेव अवस्थी उर्फ महादेव पहलवान का दत्तक पुत्र है। महादेव पहलवान कोतवाली क्षेत्र में गरीब लोगों को 15 से 25 प्रतिशत ब्याज में पैसे देकर वसूली करता है। लोगों से पैसे के बदले कोरे स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करवाकर रख लेता है। फिर वूसली का खेल शुरू कराते हुए लोगों को परेशान करता है। वह इसी तरह कई सम्पतियों पर कब्जा कर चुका है। सोमवार सुबह करीब 4 बजे कोतवाली पुलिस की अगुवाई में कई थानों का पुलिस बल आरोपी के घर दबिश देने पहुंच गया था। कई हत्याओं में जांच के दायरे में आ चुका है पहलवान पुलिस का कहना है कि महादेव पहलवान शातिर बदमाश है। वह पूर्व में कई हत्याओं के मामलों में जांच के दायरे में आता रहा, लेकिन हर बार बच निकलता है। 2008 में संजू दाहिया हत्याकांड में भी इसका नाम सामने आया था। तब कोतवाली पुलिस ने पूछताछ भी की थी। तत्कालीन कोतवाली सीएसपी सिद्धार्थ चौधरी के समय 2008 में कई पीड़ित लोगों ने ब्याज पर लिए गए पैसों के बदले में आरोपी पर मकान-दुकान कब्जाने की शिकायत कोतवाली सहित एसपी आफिस में की थी। क्षेत्न में दबदबे के कारण लोग सीधे इसका नाम लेने से डरते रहे।
महिला थाना में दत्तक पुत्र पर दर्ज हुआ रेप मामला-
महिला थाना प्रभारी शबाना परवेज के मुताबिक 20 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत कर बताया कि कोतवाली स्थित राजा रसगुल्ला के पास रहने वाले यश अवस्थी पिता महादेव अवस्थी को लगभग 3 वर्ष से जानती है। वह उसके घर आता जाता था। सितम्बर 2019 में यश उसे अपना घर दिखाने के बहाने राजा रसगुल्ला के सामने स्थित मकान पर ले गया। रात 8 बजे यश के घर में किसी के न होने पर आरोपी ने अकेला पाकर धमकाते हुए उसके साथ रेप किया। युवती ने हमेशा उसका विरोध किया, लेकिन यश लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। वह यश के शोषण से परेशान हो चुकी थी। यश से कोई मतलब नहीं रखना चाहती थी इसके बावजूद वह पीछा नहीं छोड़ रहा था। यश शारीरिक संबंध बनाने को भी मजबूर करता था। महिला थाने में आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया। रविवार रात ही आरोपी यश अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा बोले-
महिला थाना में दर्ज दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी यश अवस्थी से पूछताछ एवं अन्य सोर्स से मिली जानकारी के बाद पुलिस महादेव के घर पहुंची थी। सर्च दौरान मौके से नगदी, बटनदार चाकू सहित सूदखोरी, वसूली व प्रापर्टी की रजिस्ट्री आदि दस्तावेज मिले हैं। महादेव पहलवान को गिरफ्तार कर मामले की विस्तृत जांच चल रही है।