खंडवा, जोबट, पृथ्वीपुर में भाजपा का ‘शुभ’, रैगांव में कांग्रेस का ‘लाभ’
November 02, 2021
0
मध्यप्रदेश की खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों समेत देश की 3 लोकसभा और 29 सीटों पर हुए उप चुनावों के नतीजे मंगलवार को आए। मध्यप्रदेश में बीजेपी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए खंडवा लोकसभा समेत जोबट और कांग्रेस का गढ़ रही पृथ्वीपुर विधानसभा सीट जीत ली है। वहीं कांग्रेस की रैगांव सीट पर जीत हुई है। प्रदेश के उप चुनाव में सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की रणनीति कामयाब रही।
भोपाल ,मध्य प्रदेश के चार स्थानों पर हुए उपचुनाव में तीन सीटें भाजपा की झोली में आई है। वहीं, एक स्थान पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। खंडवा लोकसभा सीट पर भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल ने कांग्रेस के राजनारायण पुरनी को हराकर चुनाव जीत लिया है। वहीं पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभा सीट भी भाजपा के खाते में आई है। रैगांव विधानसभा सीट इस बार कांग्रेस की झोली में आई है। यहां कांग्रेस की कल्पना वर्मा ने भाजपा की प्रतिमा बागरी को हराकर चुनाव जीत लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जीत के लिए जनता को धन्यवाद देते हुए इसे पीएम नरेंद्र मोदी के विकास कार्यो की जीत बताया।
ढट मोदी के विकास कार्यो को मिला जनता का आशीर्वाद: उट शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर लिखा है कि ‘पृथ्वीपुर विस सीट के उपचुनाव में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकास और जन कल्याणकारी योजनाओं पर जनता का आशीर्वाद है। डॉक्टर शिशुपाल यादव को बधाई। पृथ्वीपुर के नागरिकों का हृदय से आभार। क्षेत्र के विकास के लिए हम संकल्पित होकर कार्य करेंगे।’ इसके अलावा एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि जोबट विस सीट के उपचुनाव में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीब, जनजातीय, कमजोर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाओं पर जनता का आशीर्वाद है। बहन सुलोचना रावत जी को बधाई। जोबट के नागरिकों का हृदय से आभार। हम सभी मिलकर क्षेत्र का विकास करेंगे।’
परिणामों की हम समीक्षा करेंगे- कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि हम परिणामों की समीक्षा करेंगे। पार्टी जनादेश का सम्मान करती है, उसे स्वीकार करती है। चुनावों में कांग्रेस का मुकाबला भाजपा के साथ उसके धनबल, प्रशासन के दुरुपयोग,सरकारी मशीनरी, गुंडागर्दी से भी था। आचार संहिता व नियमों का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है। शराब, पैसा बांटा गया, कांग्रेस के लोगों को जमकर प्रताड़ित किया गया।
Tags