Type Here to Get Search Results !

नारायण की रार, मुरलीधर पर वार

एक जेब में ब्राम्हण-एक जेब में बनिये कहना अमर्यादित व घमंड का परिचायक 

भाजपा प्रदेश प्रभारी के बयान पर मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी का तंज 

सतना। भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव के ‘एक जेब में ब्राम्हण-एक जेब में बनिये’ वाले बयान पर वे विपक्ष के निशाने पर हैं, वहीं उनकी पार्टी के विधायक व विंध्य प्रदेश के लिए अभियान चला रहे नारायण त्रिपाठी भी उनके बयान पर टिप्पणी करने में पीछे नहीं रहे। खरी-खरी बोलने वाले भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा कि विंध्य ऐसा क्षेत्र है, जहां सभी जाति व धर्म के लोग अपना वजूद रखते हैं और किसी नेता की सम्पत्ति या जेब में नहीं रहते। गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव ने बीते दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बयान देकर विरोधियों को कहने का अवसर दे दिया। हालांकि भाजपा नेताओं ने उनके बचाव में कहा है कि प्रदेश प्रभारी के बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। इधर, गाहे-बगाहे अपनी पार्टी के नेतृत्व व सरकार को तल्ख अंदाज में कटघरे में खड़ा करने वाले मैहर के भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा है कि विंध्य वह धरा है जहां कोई भी धर्म का व्यक्ति हो, कोई भी जाति जैसे ब्राम्हण, क्षत्रिय, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग आदि उसके नेता या कार्यकर्ता अथवा जनता जनार्दन किसी भी नेता की सम्पत्ति या उसकी जेब में नहीं हो सकते। उन्होने मुरलीधर राव का नाम लिए बिना कहा कि इस तरह का बयान अमर्यादित और घमंड का परिचायक ही लगता है। उल्लेखनीय है कि बयान को आड़े हाथ लेने वाले यह भी कह रहे हैं कि ‘माई के लाल’ वाले बयान से भाजपा को 2018 के विधानसभा चुनाव में नुकसान उठाना पड़ा था, इसलिए प्रदेश प्रभारी का यह बयान भले ही विपक्ष का हथियार बने, पर ब्राम्हण व वैश्य समाज में इसकी खासी प्रतिक्रिया है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.