कॉफी मशीन में ब्लास्ट, युवक की मौत, मासूम बच्ची झुलसी, शादी समारोह में मातम
जबलपुर। खमरिया के रिठौरी गांव में शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन फटने से एक युवक की मौत हो गई और मासूम लड़की बुरी तरह झुलस गई। जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुशी के महौल के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे के कारण बाराती-घराती सहित दोनों पक्षों के गांवों में में मातम पसर गया। सूचना पर पहुंची ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
विवाह के उत्सव में मची भगदड़....
खमरिया टीआई निरूपा पांडे ने बताया कि रिठौरी गांव में बीती रात सीताराम बंजारा के घर सिवनी से बारात आई थी। सभी शादी समारोह के आनंद में थे, तभी रात 11 बजे के लगभग काफी मशीन में जोरदार विस्फोट हुआ और मौके पर भगदड़ मच गई। कुछ देर बाद लोगों ने स्टॉल के पास जाकर देखा तो शादी में शामिल होने आए 40 वर्षीय घंसौर सिवनी निवासी गोपाल बंजारा और उसी गांव की रहने वाली 10 वर्षीय अंशिका झुलसे हालत में पड़े थे। लोगों ने आनन-फानन में 108 एंबूलेंस को बुलाया, लेकिन उपचार मिलने से पहले ही गोपाल की मौत हो गई। अंशिका को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार जारी है, लेकिन हालत गंभीर बनी हुई है।
मंगलगीत गा रही थीं महिलाएं..........
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि क ॉफी मशीन दो टुकड़े हो चुकी थी, स्टॉल भी अस्त-व्यस्त पड़े थे। बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह दर्दनाक हादसा हुआ उस वक्त महिलाएं बारातियों के स्वागत में मंगल गीत गा रही थी, लेकिन जैसे ही विस्फोट की आवाज आई, गीत की आवाज चीख-पुकार में बदल गई। मृतक की पत्नी भी हादसे के बाद बेहोश हो गई जो कि अभी तक बदहवास है। केटर्स की लापरवाही हादसे के बीच परिवार और रिश्तेदारों ने जल्दी से शादी की रस्में पूरी कराई और लड़की को विदा कराया। शुक्रवार को पीएम के बाद गोपाल के शव को परिजन सिवनी ले गए। वहीं अंशिका भी 70 प्रतिशत से अधिक झुलसी है। उसकी हालत चिकित्सकों ने गंभीर बताई है। हादसे के समय काफी मशीन के पास अन्य लोग भी खड़े थे, लेकिन वे बच गए। टीआई निरूपा पांडे के मुताबिक कैटर्स की लापरवाही के कारण हादसा होना पाए जाने पर संचालक अखिलेश चौधरी के खिलाफ धारा 304 ए, 337 का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।