बापू नगर में आतंक, रांझी पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
जबलपुर। रांझी थानांतर्गत बापूनगर में एक डॉक्टर की प्रापर्टी कब्जाने गुंडों ने उसकी दीवार तोड़ दी और बाइक में तोड़फोड़ कर आतंक मचाया। क्षेत्र का बदमाश लंबे समय से प्रापर्टी हथियाने के लिए उन्हें परेशान कर रहा है। हद तो तब हो गई जब बीती रात बदमाश ने डॉक्टर के प्लॉट की दीवार गिराकर धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बापू नगर में रहने वाले डॉक्टर केके मिश्र ने बताया कि घर के पास रहने वाले नितिन उर्फ सत्येंद्र खटीक से उनका प्रापर्टी विवाद चल रहा है, यह मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन भी है। इसी खुन्नस के चलते सत्येंद्र आए दिन उन्हें परेशान करता रहा है। बीती रात भी सत्येंद्र और उसके साथियों ने विवादित प्लॉट की दीवार गिरा दी। आज सुबह जब डॉ केके मिश्र ने विरोध किया तो नितिन और उसका साथी बच्चा गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों और ज्यादा आग बबूला हो गए और बाहर खड़ी बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी। डॉक्टर और उनके बच्चों ने जब बाहर निकलकर विरोध किया तो उन्हें बेरहमी से पीटा भी गया, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं। डॉक्टर ने बताया वे नितिन की गुंडागर्दी से बहुत ज्यादा त्रस्त हो चुके हैं और आज एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा से मिलकर उनसे न्याय की गुहार लगाएंगे। सुबह-सुबह हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भी दहशत का माहौल था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।