शिव प्रकाश-मुरलीधर ने लिया जबलपुर,रीवा, शहडोल, सागर व ग्वालियर संभाग के विधायकों से फीडबैक
भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश व प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने जबलपुर, ग्वालियर-चंबल, शहडोल, रीवा एवं सागर संभाग के विधायकों से वन-टू-वन चर्चा कर न केवल फीडबैक लिया बल्कि हिदायत दी कि जनता से संवाद में दूरी न बनाएं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठन दिग्गजों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में कहा कि विधायकों का कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क न होने बात गंभीर है और इससे पार्टी के लिए सकारात्मक माहौल बनाने में कठिनाई होती है।
पंचायत चुनाव को लेकर सक्रियता बनाए रखें विधायक................
भाजपा संगठन ने विधायकों से कहा है कि क्षेत्र की जनता से लगातार संवाद कायम रखना है और जनता के साथ परिवार के भाव से मिलकर उनकी समस्याओं का निराकरण करना है। यह ध्यान रखें कि संवादहीनता की स्थिति न बने। ऐसी बातें न कहीं जाएं कि खुद को और पार्टी को असहज स्थिति का सामना करना पड़े। आने वाले दिनों में पंचायत चुनाव होने हैं और इन चुनावों में आपकी मेहनत और जनता से जुड़ाव ही पार्टी समर्थित कार्यकर्ताओं की जीत की राह तय करेगा। क्षेत्र में प्रवास कर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ देकर सकारात्मक माहौल तैयार करने का काम भी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
1 दिसंबर से जिलों में होगे भाजपा के जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर..............
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने केंद्रीय नेतृत्व द्वारा विधायकों की बैठक को लेकर तय किए गए निर्देशों से विधायकों को अवगत कराया गया। उन्होंने पार्टी की कार्य पद्धति और मिशन 2023 में जीत को लेकर भी विधायकों के समक्ष बात रखी। सीएम शिवराज ने स्थानीय चुनाव में विधायकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ने और जनता के साथ संवाद और समस्या निराकरण में कमी न होने, लोगों के सुख-दुख में अधिकतम सहभागिता और परिवार भाव रखने की बात कही। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के अनुसार संगठन की विस्तारक योजना, बूथ सशक्तिकरण जैसे विषयों पर पुराने विधानसभा भवन में होने वाली कार्यसमिति बैठक में चर्चा की जाएगी। वहीं पार्टी के प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत सभी 1070 मंडलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। एक से 6 दिसंबर तक जिला स्तर के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। मंडल कार्यसमिति की बैठकें 12 दिसंबर को होगी। बताया गया कि पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष 28 नवंबर से तीन दिनी प्रवास पर मध्यप्रदेश आ रहे हैं।