गुड गवर्नेस में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा की कार्यप्रणाली की सराहना
जबलपुर। गुंडों,शराब-भू माफिया,खनन माफिया, मिलावटखोर एवं लापता बच्चों की दस्तयाबी सहित अपराधियों पर त्वरित एक्शन लेते हुए एनएसए और जिलाबदर की ताबड़तोड़ कार्रवाई में जबलपुर पुलिस का काम प्रदेश के बेहतर जिलों की श्रेणी में शामिल है। आईजी-एसपी कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिंदूवार समीक्षा करते हुए जबलपुर पुलिस को शाबासी देते हुए अन्य जिलों के पुलिस अफसरों को जबलपुर पुलिस की तरह कार्रवाई करने की बात कही है। जनवरी 2021 से 31 अक्टूबर 2021 तक 10 माह में पुलिस ने माफिया की कमर तोड़ दी। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर हुई प्रभावी कार्रवाई में जबलपुर पुलिस को ‘अ’ वर्ग में रखा गया।
जबलपुर जोन का कटनी भी रहा टॉप पर................
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा की कार्रवाई की समीक्षा को (अ-ब-स) तीनों वर्गो में रखा गया था। जबलपुर पुलिस को ‘अ’ वर्ग में रखते हुए अच्छा प्रदर्शन करने की श्रेणी में रखा गया, जिसमें प्रदेश के 5 जिले शामिल रहे। मिलावटी खाद्य पदार्थ निर्माण करने वालों पर हुई कार्रवाई में जबलपुर जोन का जिला कटनी भी टॉप-5 में रहा है। गुड गवर्नेस को लेकर की गई समीक्षा के समग्र मूल्यांकन में जबलपुर को प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है। एक जनवरी 21 से 31 अक्टूबर 21 के आधार पर ‘अ’ वर्ग के 6 जिलों में शरीर संबंधी अपराध-हत्या, हत्या का प्रयास, बलात्कार के प्रकरणों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, अवैध मादक पदार्थ एवं शराब की तस्करी में लिप्त आरोपियों की धरपकड़, अवैध उत्खनन एवं परिवहन मे लिप्त खनन माफिया तथा भू-माफिया के विरुद्ध की गई कार्रवाई के साथ असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जिला बदर, एनएसए एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के समग्र मूल्यांकन पर जबलपुर पुलिस प्रदेश में बेहतर रही।
सभी श्रेणियों में टॉप-5 में बना रहा जबलपुर............
समीक्षा में गुम बालक/बालिकाओं की दस्तयाबी में जबलपुर पुलिस को प्रदेश में चौथा स्थान रहा। अवैध रेत के परिवहन/उत्खनन में दूसरा, अवैघ शराब के विरुद्ध कार्रवाई में पांचवा, चिटफंड कम्पनियों से निवेशकों को राशि दिलाने में तीसरा, मिलावटी खाद् पदार्थ निर्माण करने वाली फैक्टरियों पर कार्रवाई में चौथा, अपराधियों के विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई में दूसरा, राशन/खाद्यान की कालाबाजारी संबंधी अपराध कार्रवाई में दूसरा स्थान रहा है। जबलपुर पुलिस सभी प्रकार की कार्रवाई समीक्षा में टॉप-5 में रहा है।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग की दस्तयाबी...........
ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों को तलाशने के लिए शहर से लेकर देहात तक चले अभियान में पुलिस ने करीब 237 किशोर/किशोरी को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया है। 237 बालक/बालिका में 196 बालिका एवं 41 बालकों की उल्लेखनीय दस्तयाबी की गई है।