प्रेमी जोड़े का ड्रिंक एंड ड्राइव, ढाई लाख की बाइक पोल से टकराई,प्रेमिका की मौत
November 06, 2021
0
आधी रात सैर पर निकले थे, युवक की हालत गंभीर
जबलपुर। आधी रात युवक के साथ हाई स्पीड स्पोर्ट्स बाइक पर सैर करने निकली रेणु तैय्याब अली चौक के समीप पोल व दीवार से बाइक टकराने के कारण मौत की नींद सो गई,वहीं उसका राहुल जाट नामक प्रेमी अस्पताल में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों नशे में धुत होकर बाइक पर आधी रात घर लौट रहे थे
तेज रफ्तार, नशा और लापरवाही में रेणु की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल राहुल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है। युवक कुछ बताने की स्थिति में नहीं है, युवक के परिजनों को यह नहीं पता कि बाइक में बैठी लड़की कौन थी। पुलिस ने मोबाइल फोन सहित युवती के पास मिले कुछ कागज के आधार पर उसकी पहचान रेणु ठाकुर 25 साल पिता प्रेम लाल गोंड निवासी ग्राम अकुई चुरहट जिला सीधी के रूप में की। बताया जाता है कि रेणु शुक्रवार की रात करीब 9 बजे अपने दोस्त राहुल जाट के साथ सूनसान सड़कों में बाइक पर सैर करने लिए निकली थी। दोनों घर लौट रहे थे, रात करीब 11.45 बजे तेज रफ्तार बाइक क्र ाइस्ट चर्च स्कूल की दीवार से टकरा गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी युवती उछल कर दीवाल पर लगे तार में फंस गई, जिसमें उसकी गर्दन में तारों से गहरा घाव हुआ। दीवार से युवती का चेहरा बहुत तेजी से टकरा गया जिसमें उसका सिर, नाक और मुंह के परखच्चे उड़ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए घमापुर चौक निवासी राहुल जाट को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थित बिगड़ने पर उसे रात में एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
ओमती पुलिस के मुताबिक रेणु ठाकुर अपनी बहन के साथ सैनिक सोसायटी दानव बाबा की पहाड़ी मदनमहल में किराए से रहती थी। वह यहां प्राइवेट जॉब कर रही थी। शुक्र वार रात घर पर थी, तभी राहुल जाट का फोन आया। इसके बाद वह बहन को यह बोलकर निकल गई कि कुछ देर में घूमकर आती हूं। युवक नशे में धुत था। नागरथ चौक से दोनों तैयब अली पेट्रोल पंप की ओर आ रहे थे, तभी उनकी बाइक स्पीड ब्रेकर पर उछल कर अनियंत्रित हो गई। बाइक पहले फुटपाथ पर चढ़ गई और फिर पोल से टकरा कर दीवाल से भिड़ गई।
Tags